किसान पीजी कॉलेज में नशा मुक्ति अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक करते विद्यार्थी।
बहराइच। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए किसान पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को नाटक का मंचन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई और ब्रह्माकुमारी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। नाटक और जागरूकता अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वयंसेवकों ने नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो..., स्वस्थ भारत, नशामुक्त भारत... और जो करेगा नशा, उसकी होगी दुर्दशा... जैसे नारे लगाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। इसके बाद परचे बांटकर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से जया, भावना और अनिल सिंह ने नशामुक्ति अभियान के उद्देश्य पर विचार व्यक्त किए। इसके बाद लक्ष्मी, शशि और रामसजन ने नशामुक्ति विषयक नाटक प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को नशे से होने वाली हानियों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम का निर्देशन लेफ्टिनेंट प्रोफेसर एसबी रावत ने किया। एक्टिविटी टीम के समन्वयक राजकुमार सिंह, डॉ. तसनीम फातिमा जैदी, गुंजन शर्मा, सविता वर्मा, डॉ. सुमित श्रीवास्तव और छात्र आदर्श मिश्रा ने सहयोग किया। अंत में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर विनय सक्सेना, बीएड विभाग प्रभारी प्रोफेसर ओपी सोनी, हिंदी विभाग प्रभारी डॉ. नीरज पांडेय, एनएसएस कार्यक्रमाधिकारी डॉ. सीडी सिंह विसेन, प्राचीन इतिहास विभाग प्रभारी डॉ. श्रेयात, अर्थशास्त्र विभाग प्रभारी विवेक जायसवाल, असिस्टेंट प्रोफेसर अनुपम सिंह, कुमैल अब्बास और धीरेंद्र प्रताप आदि मौजूद रहे।