फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: सरयू पर 144 पीपों से बनेगा पुल

Sun, 01 Mar 2026 12:25 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
सरयू नदी पर पुल बनने के लिए लाए जा रहे पीपे।    -संवाद
विज्ञापन
जरवलरोड। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने नेशनल हाईवे-927 लखनऊ–बहराइच मार्ग स्थित जर्जर संजय सेतु की मरम्मत का रास्ता साफ कर दिया है। मुख्य पुल पर मरम्मत कार्य शुरू होने से पहले सरयू पर अस्थायी पीपा पुल बनाने की तैयारी तेज कर दी गई है। इसके लिए प्रयागराज से पीपे पहुंचने शुरू हो गए हैं।
विज्ञापन



योजना के तहत प्रयागराज के झूंसी/प्रयागराज वर्कशॉप से 144 बड़े पीपे भारी ट्रकों और ट्रेलरों के जरिये घाघराघाट लाए जाएंगे। पीपों की पहली खेप मौके पर शनिवार से पहुंचनी शुरू हो गई है। अब तक करीब 11 पीपे साइट पर पहुंच चुके हैं।


इन पीपों को नदी किनारे उतारकर दो-दो की जोड़ी में जोड़कर मजबूत ढांचा तैयार किया जाएगा। इसके ऊपर लोहे की प्लेटें और सुदृढ़ सतह बिछाई जाएगी, ताकि छोटे-बड़े वाहनों का सुरक्षित आवागमन संभव हो सके। विशेषज्ञों की निगरानी में पूरा निर्माण कार्य कराया जाएगा। इस परियोजना के लिए करीब 6.28 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
विज्ञापन




एक माह में पुल निर्माण की जिम्मेदारी
निर्माण एजेंसी को पीपा पुल तैयार करने के लिए एक माह का समय दिया गया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए हैं कि हर हाल में 15 अप्रैल तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। साथ ही 13 अप्रैल 2026 तक पर्याप्त मशीनरी, तकनीकी टीम और मजदूरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है। जैसे ही अस्थायी पीपा पुल बनकर तैयार होगा, संजय सेतु पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाएगा। एनएचएआई ने इसके लिए सभी प्रारंभिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।



ट्रैफिक डायवर्जन से मिलेगी राहत
संजय सेतु लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और मरम्मत कार्य प्रस्तावित था। मरम्मत शुरू होने पर हाईवे का यातायात पूरी तरह बंद करना पड़ेगा। जरवलरोड, बहराइच और आसपास के क्षेत्रों के बीच रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में घाघराघाट पर अस्थायी पीपा पुल बनाकर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जिससे आमजन और ट्रांसपोर्टरों को लंबा वैकल्पिक मार्ग नहीं अपनाना पड़ेगा।



आवश्यक पीपे और मशीनरी पहुंचाई जा रही
एनएचएआई के सहायक अभियंता अनंत मौर्य ने बताया कि शासन से बजट की मंजूरी मिलने के बाद कार्य को प्राथमिकता पर शुरू कर दिया गया है। आवश्यक पीपे और मशीनरी मौके पर पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पीपा पुल तैयार होगा, संजय सेतु की मरम्मत निर्बाध रूप से शुरू कर दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें