बहराइच/चित्तौरा। घना कोहरा और उसके बीच गाड़ियों की तेज रफ्तार शनिवार सुबह गोंडा-बहराइच मार्ग पर भीषण हादसे का सबब बन गई। ट्रक को ओवरटेक करने के प्रयास में मिनी ट्रक और जीप में हुई आमने-सामने की भिड़ंत में अधिवक्ता व लोकतंत्र सेनानी और उनकी पत्नी समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला माधवरेती मक्कापुरवा निवासी अधिवक्ता व लोकतंत्र सेनानी उमेश कुमार पाठक (60) पुत्र राजेंद्र पाठक के वाराणसी निवासी साढ़ू की बेटी की शादी रविवार को है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए उमेश पत्नी अंजली पाठक (55) के साथ सवारी जीप (यूपी 46 टी 0046) में सवार होकर शनिवार सुबह छह बजे गोंडा के लिए रवाना हुए थे। वहां से उन्हें वाराणसी के लिए ट्रेन पकड़नी थी। डिगिहा तिराहे पर पयागपुर के कोल्हुवा निवासी श्रीकंठे (30) पुत्र केशव, सुंदरलाल (32), बख्शीपुरा निवासी इरशाद (40) भी जीप में सवार हुए। जीप जब गोंडा-बहराइच मार्ग पर कोतवाली देहात क्षेत्र अंतर्गत बेरिया गांव से कुछ आगे बढ़ी तभी चालक ने आगे जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। घने कोहरे के कारण वह देख नहीं सका और ट्रक ओवरटेक करते ही जीप सामने से आ रहे मिनी ट्रक (यूपी 42 टी 9565) से भिड़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के गांव के लोग दौड़े। कोतवाली देहात को भी सूचना दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक उमेश, अंजली, श्रीकंठे और जीप चालक पप्पू (23) पुत्र कनछेदी निवासी एकघरवा श्रावस्ती की मौत हो चुकी थी। क्लीनर राशिद व यात्री सुंदरलाल तथा इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिनी ट्रक के चालक व क्लीनर मौके से भाग निकले।
दुर्घटना की सूचना पाकर पूर्व चेयरमैन तेजे खां, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गया प्रसाद मिश्र भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। सपा कार्यकर्ताओं व अन्य हितमित्रों का भी जमावड़ा लगा रहा।