बहराइच (ब्यूरो)। वेज रिवीजन पर गठित समिति द्वारा निर्णय लेने में हो रही देरी पर मंगलवार को शिंभावली शुगर्स कर्मचारी यूनियन आंदोलित हो उठा। कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन कर अपनी आवाज मुखर की है। समिति को शीघ्र अपनी संस्तुति देने के लिए मिल के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजा है।
यूनियन अध्यक्ष दलजीत सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने श्रमायुक्त की अध्यक्षता में गठित त्रिपक्षीय समिति के खिलाफ नारे लगाए। इसके बाद सभा हुई, जिसमें दलजीत सिंह ने कहा कि श्रमायुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति को कर्मचारियों के वेतन पुनरीक्षण समेत अन्य मुद्दों पर अपनी संस्तुति शासन को देना था लेकिन अभी तक कार्रवाई नहीं हुई है। महामंत्री राजेश सिंह ने चेतावनी दी कि यदि समिति अतिशीघ्र रिपोर्ट शासन को नहीं देती है तो आंदोलन किया जाएगा। कर्मचारी अनिल कुमार मिश्र, विश्वरूप मिश्र, राम प्रताप सिंह, देवव्रत, दिनेश सिंह, सुनील आदि ने मुख्य महाप्रबंधक को पत्र भेजा है।