गूढ़चौराहा (बहराइच)। ककरहा रेंज अंतर्गत गड़रियनपुरवा गांव निवासी एक ग्रामीण के अहाते में घुसकर मंगलवार रात तेंदुए ने तीन भेंड़ों को निवाला बना लिया। सुबह सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। गांव के लोगों ने पगचिह्नों के आधार पर तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। इस मामले में पीड़ित ग्रामीण ने रेंज कार्यालय पर प्रार्थना पत्र दिया है।
ग्राम पंचायत उर्रा के मजरा गड़रियनपुरवा निवासी सुग्रीव पाल भेंड़ पालन का काम करते हैं। मकान से कुछ दूरी पर उन्होंने अहाता बना रखा है। उसी अहाते में सुग्रीव ने मंगलवार को भेंड़ों को बांधा था। मंगलवार रात 11 बजे के आसपास एक तेंदुए ने अहाते में घुसकर तीन भेड़ों को निवाला बना लिया। सुबह सुग्रीव जब सोकर उठा और अहाते में पहुंचा तो भेड़ों का कंकाल देखकर सकते में आ गया। अहाते से जंगल की ओर रास्ते पर तेंदुए के पैरों के निशान थे। डिप्टी रेंजर शिवप्रताप सिंह ने बताया कि ग्रामीण का प्रार्थना मिला है। हमले की जांच कराकर ही मुआवजा दिया जाएगा।