जरवलरोड (बहराइच)। कुड़वा गांव में रविवार भोर में एक ग्रामीण के घर में घुसे अजगर को ग्रामीणों ने घेरकर रेंज कार्यालय पर सूचना दी। लेकिन कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर ग्रामीणों ने अजगर को पीटकर मार डाला। इस मामले में रेंजर ने जांच के आदेश दिए हैं।
इस समय वन्यजीव प्राणि सप्ताह मनाया जा रहा है। लोग वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षा का संकल्प ले रहे हैं। लेकिन धरातल पर स्थितियां पूरी तरह भिन्न हैं। हुआ यूं कि बहराइच वन प्रभाग के कैसरगंज रेंज अंतर्गत जरवलरोड थाना क्षेत्र में स्थित कुड़वा गांव निवासी रामफेर के घर में सोमवार सुबह एक अजगर घुस रहा था। परिवारीजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। विशालकाय अजगर को घर के अंदर जाने से किसी तरह रोका गया। तत्काल रेंज कार्यालय को सूचना दी गई। लेकिन काफी देर तक कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने लाठी से पीटकर अजगर को मार डाला। इस मामले में वन क्षेत्राधिकारी कैसरगंज पीएस मिश्रा का कहना है कि वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे, इस मामले की जांच होगी।