बहराइच। बलहा की विधायकी का ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला आज होगा। मतदान के बाद प्रत्याशियों व समर्थकों द्वारा मतों की जोड़-तोड़ की समयसीमा समाप्त हो गई है। आज सुबह आठ बजे से ईवीएम की मतगणना का काम गल्लामंडी में शुरू होगा। कड़ी सुरक्षा के बीच 14 टेबलों पर 42 कर्मचारी मतगणना करेंगे। सब कुछ व्यवस्थित रहा तो दोपहर 12 बजे से एक बजे के बीच परिणाम आने की संभावना है।
बलहा उपचुनाव के लिए मतदान 13 सितंबर को हुआ था। 341 ईवीएम में प्रत्याशियों का भाग्य कैद हो गया था। इन ईवीएम को आज सुबह आठ गल्लामंडी स्थित स्ट्रांग रूम से बाहर निकाला जाएगा और वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। हर टेबल पर हर टेबल पर तीन मतगणना कर्मी और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी लगाया गया है। इसके अलावा एक टेबल निर्वाचन अधिकारी की रहेगी, जो मतगणना के हर चक्र के बाद प्रत्याशियों को मिलने वाले मतों की घोषणा करेंगे। उपजिला निर्वाचन अधिकारी विद्याशंकर सिंह ने बताया कि उपचुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच होगी। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
गल्लामंडी नहीं आ सकेंगे वाहन
सहायक निर्वाचन अधिकारी एसी तिवारी ने बताया कि गल्लामंडी परिसर की तरफ कोई भी वाहन नहीं आ सकेंगे। इसके लिए दोनों मार्गों पर बैरियर लगा दिए गए हैं। मीडिया कर्मियों के वाहन गल्लामंडी के मुख्य गेट के सामने खड़े होंगे, जबकि अधिकारियों के वाहन गल्लामंडी परिसर में बनाए गए स्टैंड में लगाए जाएंगे।