बहराइच। नए साल का आगाज हो चुका है। नई उमंग-तरंग और उम्मीदों के साथ लोग अपने-अपने अंदाज में वर्ष 2014 का स्वागत कर रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक लोग जश्न में डूबे हैं। इससे पूर्व मंगलवार को लोगों का दिन तैयारियों में बीता। बारिश के बीच लोगों ने खरीदारी की। अपने प्रियजनों के लिए लोग ग्रीटिंग कार्ड, गिफ्ट्स और गुलदस्ते खरीदने में मशगूल दिखे। वहीं, एसएमएस, ई-मेल और फेसबुक के जरिए भी लोगों में एक दूसरे को नव वर्ष की शुभकामनाएं देने की होड़ मची रही।
नव वर्ष के स्वागत के लिए बाजार भी सजे-धजे रहे। बच्चों के बीच म्यूजिकल ग्रीटिंग काफी लोकप्रिय रही। युवाओं का रुझान फूलों के प्रति ज्यादा रहा। सिंगल गुलाब से लेकर गुलदस्ते तक खूब बिके। हैंडल और डलिया बुके की बिक्री ज्यादा हुई। वहीं, नए साल के स्वागत में विभिन्न आयोजन भी हुए। जगह-जगह हुई डांस पार्टी में लोगों ने जमकर धमाल मचाया।
होटल, रेस्टोरेंट व सड़कों पर भी रहा उत्सव का माहौल
मंगलवार शाम शहर में काफी चहल-पहल रही। सभी होटल, रेस्टोरेंट व सिनेमाघर फुल रहे। बुद्धा रिजॉर्ट, अनंत लांस समेत प्रमुख रेस्तराओं में लोगों ने सामूहिक रूप से नव वर्ष का स्वागत अपने तरीके से किया। रात 12 बजते ही आतिशबाजी भी हुई और लोगों ने गले मिलकर एक दूसरे को नव वर्ष की बधाई दी। उपहार देकर भी लोगों ने अपनी भावनाएं जाहिर कीं।
आठ लाख के फूल बिके
नव वर्ष के स्वागत के लिए लोगों ने सबसे ज्यादा इस्तेमाल फूलों का किया। इस अवसर पर नगर के छोटी बाजार तिराहा, अस्पताल चौराहा, डिगिहा तिराहा, छावनी चौराहा समेत अन्य स्थानों पर फूलों के स्टॉल लगे रहे, जहां देर रात रात्रि तक बिक्री जारी रही। फूल विक्रेता राजेश कुमार ने बताया कि इस मौके पर जिले में लगभग आठ लाख रुपये से अधिक के फूलों की बिक्री हुई।