राजीचौराहा (बहराइच)। कपूरपुर गांव निवासी एक ग्रामीण के घर से रविवार देर रात कार सवार चार युवक उसे अगवा कर ले गए। सुबह पत्नी ने थाने में तहरीर दी है। पत्नी के मुताबिक उसकी किसी से रंजिश नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कैसरगंज थाना अंतर्गत कैसरगंज कस्बा निवासी शमशेर अली की शादी 15 वर्ष पहले हरदी थाना अंतर्गत कपूरपुर गांव निवासी नाजमा से हुई थी। विवाह के बाद से शमशेर पत्नी के साथ ससुराल में ही रह रहा है। नाजमा ने बताया कि मायके की संपत्ति उसके पति के नाम है। खेतीबाड़ी कर परिवार का खर्च चलता है। नाजमा ने बताया कि रविवार रात 11 बजे के आसपास एक कार उनके घर पर आकर रुकी। कार से उतरे चार युवकों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। शमशेर अली बाहर निकले तो एक युवक ने उन्हें किनारे ले जाकर कुछ बातचीत की, इसके बाद कार में बैठा लिया। नाजमा का कहना है कि कार सवार युवकों को वह नहीं पहचानती। काफी देर बाद जब वह नहीं लौटे तो फोन से रिश्तेदारी में संपर्क साधा लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इस पर सोमवार सुबह नाजमा ने थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष कालीचरन का कहना है कि नाजमा के मुताबिक उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है, ऐसे में अपहरणकर्ता कौन थे, इसका पता लगाया जा रहा है। अपहरण की तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।