जरवलरोड (बहराइच)। आईपीएल चीनी मिल के महाप्रबंधक और सहायक प्रबंधक ने मिल के डोंगे में लोहे की पटिया डालने का आरोप लगाते हुए दो किसानों को पीटकर बंधक बना लिया। विरोध में अन्य किसानों ने नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए तौल रुकवा दी, जिससे पेराई ठप हो गई। देर शाम दोनों अधिकारियों पर किसानों को पीटने और बंधक बनाने की रिपोर्ट दर्ज हुई तो किसान माने और तीन घंटे बाद पेराई शुरू हुई।
जरवल रोड स्थित इंडियन पोटास लिमिटेड (आईपीएल) चीनी मिल में बुधवार दोपहर कैसरगंज के उमरी अरई निवासी राजेश सिंह अपनी ट्रॉली का गन्ना डोंगे में डलवा रहे थे। इसी दौरान डोंगे में लोहे की पटिया गिरने की आवाज हुई। मौके पर मौजूद सहायक प्रबंधक साकेत श्रीवास्तव ने राजेश पर जान बूझकर डोंगे में पटिया गिराने का आरोप लगाते हुए पिटाई शुरू कर दी। वहां मौजूद गन्ना किसान स्वामी प्रसाद निवासी दिकौली ने इसका विरोध किया तो सहायक प्रबंधक ने उसे भी लाठियों से पीट दिया। इसी दौरानमहाप्रबंधक सुबोध जैन भी मौके पर आ गए। उन्होंने दोनों किसानों को अपने कमरे में ले जाकर बंद कर दिया। यह बात अन्य किसानों को पता चली तो वे भड़क उठे। किसानों ने मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गन्ने की तौल रुकवा दी। पेराई भी ठप हो गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष कपिलमुनि सिंह पहुंचे। उन्होंने किसानों की समझाने की कोशिश की लेकिन वे अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे।
एसओ ने महाप्रबंधक सुबोध जैन के कमरे में बंद दोनों किसानों को छुड़वाया। इसके बाद पीड़ित किसान राजेश और स्वामी प्रसाद की तहरीर पर महाप्रबंधक सुबोध जैन और सहायक प्रबंधक के खिलाफ धारा 342 और 394 के तहत रिपोर्ट दर्ज की। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद किसानों ने गन्ने की तौल शुरू करवाई। इस दौरान तीन घंटे तक मिल में पेराई कार्य ठप रहा।
मिल की पेराई बाधित करने को रची जा रही साजिश
चीनी मिल के महाप्रबंधक सुबोध जैन और सहायक प्रबंधक साकेत श्रीवास्तव का कहना है कि मिल की पेराई बाधित करने के लिए कुछ लोग साजिश रच रहे हैं। इसी कारण डोंगे में पटिया डाल दी जाती है। यह पटिया गन्ना पेराई संयंत्र में फंसकर मशीन को नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने किसानों की पिटाई और उन्हें बंधक बनाने से इंकार किया। दोनों अधिकारियों ने कहा कि मामूली कहासुनी हुई थी। महाप्रबंधक ने कहा कि वह दोनों किसानों से बातचीत करने के लिए उन्हें बुलाकर अपने कमरे में ले गए थे।