बहराइच। नेहरू युवा केंद्र के जिला कार्यक्रम समन्वयक के मोबाइल पर एसएमएस भेजकर रंगदारी मांगी गई है। एसएमएस के बाद दो बार धमकी भरी काल भी आई। रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की भी चेतावनी दी गई है। इस मामले में जिला कार्यक्रम समन्वयक ने एसपी को पत्र सौंपा है। एसपी ने सर्विलांस टीम को जांच सौंपी है। टीम संबंधित मोबाइल नंबर को ट्रेस करने में जुटी है।
नेहरू युवा केंद्र की जिला कार्यक्रम समन्वयक साधना श्रीवास्तव ने एसपी मोहित गुप्ता को पत्र देकर बताया है कि 19 दिसंबर को उनके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति का एसएमएस आया। उसने 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। एसएमएस में यह भी लिखा था कि रुपये न देने पर गंभीर अंजाम भुगतना होगा। इसके बाद उसी नंबर से दो बार कॉल भी आई। जिला कार्यक्रम समन्वयक साधना ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक मोहित गुप्ता को पत्र सौंपकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। समन्वयक ने यह भी कहा है कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। ऐसे में रंगदारी मांगने वाला कौन व्यक्ति है, वह नहीं जानतीं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच सर्विलांस टीम को सौंपी गई है। सर्विलांस प्रभारी गिरिजाशंकर यादव ने बताया कि जिस नंबर से जिला कार्यक्रम समन्वयक को एसएमएस भेजा गया है, उस नंबर को काफी हद तक ट्रेस कर लिया गया है। कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जाएगा।