फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जमीन कब्जाने पहुंचे सपा जिलाध्यक्ष से भिड़े ग्रामीण

Fri, 06 Dec 2013 05:42 AM IST
Bahraich
विज्ञापन
विज्ञापन
नानपारा (बहराइच)। नीलकोठी में आबादी की जमीन को एक कपड़ा व्यवसायी ने आठ दिन पहले सपा जिलाध्यक्ष की पत्नी के नाम बैनामा कर दिया। गुरुवार को सपा जिलाध्यक्ष जमीन पर कब्जा करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने कब्जा करने से रोक दिया। गांव के लोग आबादी की जमीन में पट्टे् की मांग पर अड़े थे। चार घंटे तक हुए हंगामा के बाद एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। अफसरों ने किसी तरह सभी को समझाया। फिलहाल, जमीन पर सपा जिलाध्यक्ष नेे नींव भरवाकर कब्जा कर लिया है।
विज्ञापन

कोतवाली नानपारा अंतर्गत कस्बे के पूर्वी रेलवे क्रॉसिंग के पास ग्राम पंचायत नानपारा देहाती का मजरा नीलकोठी है। मजरे के 15 एकड़ जमीन में एक राइस मिल स्थापित थी, जो दशक भर पूर्व बंद हो चुकी है। मिल और उससे सटी जमीनों को बड़े पैमाने पर बेचा जा रहा है। जमीन की बिक्री कपड़ा व्यवसायी विनोद डालमिया कर रहे हैं। विनोद ने 27 नवंबर को दो बीघा जमीन चार लाख रुपये में सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव की पत्नी गायत्री देवी के नाम बैनामा किया था। इस जमीन पर गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव कब्जा करने पहुंच गए। खबर मिलते ही गांव के लोग इकट्ठा हो गए और कब्जा करने से उन्हें रोक दिया।
आबाद की जमीन को बेचने से मना करते हुए ग्रामीण उसमें पट्टे की मांग पर अड़ गए। ग्राम प्रधान नानपारा देहाती ओमप्रकाश शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने भी आबादी की जमीन पर कब्जा करने से रोका, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। लगभग चार घंटे बाद उपजिलाधिकारी गिरीश कुमार, सीओ असलम खान, प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह व राजस्वकर्मी मौके पर पहुंच गए। इतने में ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
विज्ञापन

उपजिलाधिकारी और सीओ ने ग्रामीणों से बातचीत कर किसी तरह उन्हें शांत कराया और जिलाध्यक्ष ने जमीन पर कब्जा कर लिया है।
बिना कागजात के हुआ बैनामा
नानपारा तहसील के उप निबंधक (रजिस्ट्रार) उमेश कुमार सिंह ने बताया कि 27 नवंबर को गाटा संख्या 4698 का बैनामा किया गया है लेकिन बैनामा करने वाले विनोेद डालमिया ने कोई कागजात दाखिल नहीं किए हैं। कागजात के लिए समय मांगा है।
यह होती आबादी की जमीन
आबादी की जमीन ग्राम समाज के उपयोग के लिए होती है। इस पर गांव के भूमिहीनाें को पट्टा आवंटन किया जाता है। इसके अलावा चरागाह, खेल मैदान बनाया जाता है।
जिसका कब्जा, उसकी होती भूमि : एसडीएम
उपजिलाधिकारी गिरीश कुमार ने स्वीकार किया कि गाटा संख्या 4698 श्रेणी 6 (2) में अंकित है। उन्होंने कहा कि श्रेेणी 6 ग्राम समाज की आबादी की जमीन होती है लेकिन इस जमीन पर जिसका कब्जा होता है, वही उसका मालिक माना जाता है। उन्होंने कहा कि उस जमीन पर विनोद डालमिया का कब्जा अरसे से चला आ रहा है। राइस मिल भी उनके पिता की ही थी, उसी के चलते उन्होंने जमीन का बैनामा किया है।
अन्य जमीनों में भी हुआ खेल
जहां सपा जिलाध्यक्ष की पत्नी को जमीन का बैनामा किया गया है, उसके आसपास ग्राम समाज की 15 एकड़ जमीन पड़ी हुई है, इसमें भी अधिकांश भूमि की बिक्री की जा चुकी है, जिस पर मकान बन गए हैं।
बेची गई जमीन की मालियत है 30.78 लाख रुपये
व्यवसायी ने सपा जिलाध्यक्ष के पत्नी के नाम जिस जमीन का बैनामा किया है, उसकी सरकारी अभिलेखों में मालियत 30.78 लाख है, जबकि चार लाख मूल्य में जमीन बेच दी गई है। इसकी पुष्टि उप निबंधक उमेश कुमार सिंह ने की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें