रुपईडीहा (बहराइच)। देर रात घर के पास जुआ खेल रहे लोगों का एक परिवार ने विरोध किया तो जुआ खेल रहे लोगों ने जानमाल की धमकी दी। परिवार के लोगों ने एसएसबी आउटपोस्ट पर शिकायत की तो जवानों के आने पर आरोपी वहां से भाग निकले। बाद में जुआरियों ने परिवार पर हमला कर पिता व उसके दो पुत्रों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। स्वास्थ्य केंद्र में तीनों का इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर विवेचना शुरू की है।
रुपईडीहा अंतर्गत निंबिया गांव निवासी पप्पू, बड़कन्ना, चुन्ना और सब्बू शुक्रवार रात गांव निवासी सिराज के घर के निकट खुले में जुआ खेल रहे थे। सिराज ने ऐतराज किया तो सभी ने जानमाल की धमकी दी। इस पर सिराज व उसके भाई मेराज तथा पिता फारुख ने एसएसबी आउटपोस्ट पर युवकों के जुआ खेलने की शिकायत की। एसएसबी के जवान मौके पर आ धमके। इस पर सभी जुआरी खिसक गए। एसएसबी जवानों के जाने के बाद जुआरियों ने सिराज के घर पर हमला कर सिराज, मेराज व पिता फारुख की लाठियों से पिटाई कर दी। हमले में सभी लहूलुहान हो गए। रात में ही पिता-पुत्र थाने पहुंचे। इस पर पुलिस ने सभी को बाबागंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। सुबह सिराज की तहरीर पर जुआरियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई। थानाध्यक्ष केके यादव ने बताया कि अरोपी चुन्ना व बड़कन्ना को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दो अन्य फरार हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।