बहराइच। जिला अस्पताल में शुक्रवार को एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत डेंगू के पांच मरीज भर्ती कराए गए हैं। डॉक्टरों ने बताया कि सभी की हालत गंभीर बनी हुई है।
नगर कोतवाली अंतर्गत घसियारीपुरा मोहल्ले के एक ही परिवार की कंचनलता (38), पल्लवी (20) व शिशुबाला (70) को भी शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सभी के ब्लड टेस्ट से डेंगू की पुष्टि हुई है। उधर, दरगाह थाना अंतर्गत सलारगंज मोहल्ला निवासी चांदनी (18) को बुखार था। शुरुआत में सामान्य बुखार मानकर परिवार वालों ने उपचार किया, लेकिन शुक्रवार को अचानक हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां डॉक्टरों ने चांदनी के ब्लड का टेस्ट करवाया, जिसमें डेंगू की पुष्टि हुई है। चांदनी को डेंगू वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू किया है। इसी तरह कानूनगोपुरा मोहल्ला निवासी अमेरिका प्रसाद (40) को भी बुखार की शिकायत पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां ब्लड टेस्ट के बाद डेंगू का खुलासा हुआ है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महेश्वरी पांडेय ने बताया कि जिन रोगियों में प्लेटलेट्स कम हैं, उन्हें प्लेटलेट्स मुहैय्या कराया गया है। उन्होंने बताया कि अस्पताल प्रशासन डेंगू रोगियों को लेकर काफी संजीदा है। वरिष्ठ फिजीशियन की निगरानी में बेहतर इलाज दिया जा रहा है।