मिहींपुरवा (बहराइच)। रात में गश्त के दौरान जालिमनगर पुलिस ने नेपाल से लाई जा रही चरस की खेप बरामद की। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में प्रयुक्त एक कार भी पुलिस के हाथ लगी है। पकड़े गए तस्कर लखीमपुर के शातिर अपराधी बताए जा रहे हैं। बरामद कार व चरस को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
मोतीपुर थानाध्यक्ष कैलाशनाथ यादव ने बताया कि बुधवार देर रात बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर जालिमनगर चौकी इंचार्ज सलाउद्दीन, सिपाही जगतराम, शैलेष प्रसाद, राम सदासुख और जितेंद्र के साथ आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। रात 11:30 बजे के आसपास नानपारा की ओर से एक कार आती दिखी। चेकिंग कर रहे सिपाहियों ने कार रोकने का प्रयास किया। इस पर कार चालक ने चेकिंग से 50 मीटर दूर ही कार रोक कर बैक कर भागने की कोशिश की। शक होने पर घेराबंदी कर पुलिस ने कार को आधा किलोमीटर की दूरी पर रोक लिया गया। तलाशी के दौरान कार में चार व्यक्ति सवार मिले। उन सभी के पास कार के कागजात नहीं थे। चारों व्यक्तियों की तलाशी ली गई तो उनकी कमर में बेल्ट से बंधी चरस की खेप बरामद हुई। चारों व्यक्तियों के पास चार किलो 500 ग्राम चरस निकली। पूछताछ के दौरान व्यक्तियों की पहचान रामस्वरूप चौरसिया उर्फ राजू निवासी पठान वार्ड धौरहरा लखीपमुर खीरी, खलील उर्फ राजू झब्बापुरवा मजगईं पलिया, शमशुद्दीन सिसैया कला लखीमपुर खीरी और महेंद्र सिंह विष्ट चूड़ी पदमपुर नैनीताल उत्तराखंड के रूप में हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चरस व वाहन को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। बरामद चरस की कीमत पुलिस के मुताबिक लगभग साढ़े चार लाख रुपये है।