महसी (बहराइच)। बिना मानसून हुई बरसात से घाघरा नदी के जलस्तर में भी इजाफा हुआ है। इससे कटान शुरू हो गई है। मंगलवार को अरनवा इतवारीपुरवा निवासी सात ग्रामीणों के मकान नदी में समा गए। लगभग 80 बीघा खेत भी कटा है। एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक को जांच सौंपी है। इसके बाद कटान पीड़ितों को मुआवजा दिया जाएगा।
घाघरा नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव का क्रम जारी है। सोमवार को जिले में हुई भारी वर्षा के चलते नदी का जलस्तर अचानक एक मीटर के आसपास बढ़ गया, जिसके चलते बांसगढ़ी ग्राम पंचायत का अरनवा इतवारीपुरवा गांव फिर नदी के निशाने पर आ गया है। गांव निवासी निर्मल सिंह, सुरेश कुमार, रमेश, नवादीन, श्याम सिंह, मनोज कुमार और रामबिलास नदी मेें समा गए हैं। सुबह शुरू हुई तेज कटान को देखकर आननफानन ग्रामीणों ने अपने घर की संपत्ति निकाल ली। नदी में मकान समाहित होने के बाद सात परिवार के 43 लोग खुले आसमान तले गुजर-बसर करने को मजबूर हो गए हैं। 80 बीघा खेत भी कटा है।
उपजिलाधिकारी महसी बीके सिंह ने बताया कि कटान की सूचना मिली है। राजस्व निरीक्षक शारदा प्रसाद मिश्र को मौके पर भेजा गया है। राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट मिलने के बाद सभी कटान पीड़ितों को अहेतुक राहत सहायता प्रदान की जाएगी। नदी के अचानक बढ़े जलस्तर व शुरू हुए कटान से तटवर्ती इलाकों के ग्रामीण दहशत में हैं।