कैसरगंज (बहराइच)। गल्लामंडी के पास शुक्रवार देर शाम किसान नेताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे 53 कुंतल कोटे का अनाज पकड़ लिया। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार ने ट्रॉली समेत अनाज को पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जबकि चालक फरार हो गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। खाद्यान्न किस कोटे का है, पता नहीं चल सका है।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश वर्मा कार्यकर्ताओं के साथ शुक्रवार देर शाम जरवलरोड चीनी मिल के पेराई सत्र उद्घाटन कार्यक्रम से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कैसरगंज के पास उन्हें ट्रैक्टर ट्रॉली पर लदा कोटे का अनाज जरवलरोड की तरफ से आता दिखा। कैसरगंज बाजार में किसान नेताओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रुकवाया तो चालक भाग खड़ा हुआ। नेताओं ने जिलाधिकारी किंजल सिंह को सूचना दी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार मदन मोहन वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो ट्रॉली पर लदा अनाज कोटे का ही मिला, लेकिन वह किस कोटे की दुकान से लाया है, इसका पता नहीं चल सका। नायब तहसीलदार ने बताया कि ट्रॉली पर साढ़े 17 कुंतल गेहूं, 12 कुंतल चावल, 24 कुंतल चीनी लदी थी। बरामद खाद्यान्न को सीज कर कैसरगंज पुलिस को सौंप दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी को सूचना देकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि अनाज कहां से कहां ले जाया जा रहा था। इसके बाद दोषियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।