बहराइच। शहर के सरयू तट स्थित मरीमाता मंदिर परिसर में एक व्यवसायी का शव शनिवार को पेड़ से लटकता मिला। मृतक की बहन ने कुछ पुलिसकर्मियों पर भाई की पिटाई कर शव को पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली नगर अंतर्गत मोहल्ला खत्रीपुरा निवासी राजन (22) फलों का व्यवसाय करता था। नवरात्र महोत्सव में सरयू तट स्थित मरीमाता मंदिर परिसर में मेले सा माहौल रहता है। बीते सप्ताह से राजन वहीं पर दुकान लगा रहा था। राजन की बहन किरन का कहना है कि शनिवार सुबह जब वह मंदिर पहुंची तो कुछ पुलिसकर्मी भाई की पिटाई कर रहे थे।
किसी जिन्ना बाबा से विवाद की बात बतायी जा रही है। आरोप है कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने शव पेड़ से लटका दिया। मंदिर परिसर में व्यवसायी की लाश मिलने पर प्रभारी निरीक्षक एके सिंह, रामगांव थानाध्यक्ष जेके सिंह टीम के साथ पहुंचे।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक की बहन ने गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला संदिग्ध है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।