गिलौला व सिरसिया क्षेत्र में शनिवार को आग लगने से किसानों की 87 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, एक स्थान पर एक व्यक्ति का घर जल गया। दोनों स्थानों पर पीड़ितों द्वारा अगिभनशमन विभाग को सूचना दी गई। गिलौला में दमकल वाहन तो पहुंचा, लेकिन वाहन में पानी न होने के कारण कर्मचारी मूकदर्शक बने रहे। जबकि सिरसिया में वाहन पहुंचने से पूर्व ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। दोनों स्थानों पर आग से करीब बारह लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गिलौला क्षेत्र के ग्राम मिर्चिहा निवासी दीनानाथ तिवारी का 20 बीघा खेत थाना क्षेत्र के ही राजापुर गांव की सीमा पर पड़ता है। वह अपने खेत में ही घर बनाकर परिवार सहित रहते हैं। शनिवार को अज्ञात कारणों से उसके खेत में आग लग गई।
जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक आग की चपेट में आकर मिर्चिहा निवासी जग प्रसाद तिवारी का पांच बीघा, दादू दयाल का छह बीघा, छोटकऊ का पांच बीघा, पप्पू का तीन बीघा, संजय का तीन बीघा, घनश्याम का पांच बीघा, राधेश्याम का पांच बीघा, सूर्य नारायण का पांच बीघा, रामदेव का तीन बीघा, राम मुनेसर का चार बीघा, केसरी कुमार का दो बीघा सहित 65 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
लोगों की सूचना पर पहुंचे दमकल वाहन में पानी न होने के कारण ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अगिभनकांड में करीब दस लाख रुपये की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं, सिरसिया थाना क्षेत्र के चिल्हरिया गांव निवासी कमलेश कैराती के गेहूं के खेत में शनिवार को अज्ञात कारणों से आग लग गई।
जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक आग की चपेट में आने से कमलेश का दस बीघा, मंशाराम का दो बीघा, सिरताज बहादुर, ननकू वर्मा व बड़कऊ का चार चार बीघा, राम निवास का पांच बीघा, बाबादीन का तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। अगिभनकांड में करीब डेढ़ लाख रुपए की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
मिर्चिहा निवासी दीनानाथ तिवारी के मात्र पांच पुत्रियां ही हैं। जिसकी राजापुर के पास बीस बीघा भूमि है। जिसमें उसने गेहूं बो रखा है। दीनानाथ ने अपनी बड़ी बेटी की शादी कर दी थी, जो ससुराल में है। वहीं दूसरी बेटी प्रमिला का विवाह हो चुका है। जिसका 29 अप्रैल को गौना जाना है। जबकि उससे छोटी बेटी निर्मला की 21 मई को बारात आनी है। इसके लिए दीनानाथ तिवारी ने सारी तैयारियां कर रखी थीं।
शनिवार को लगी आग में दीनानाथ तिवारी के घर में रखा 20 हजार रुपए, बेटी की शादी व गौने में देने के लिए रखा नौ थान सोने व चांदी के जेवर, कपड़ा, बर्तन व अनाज सहित घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। पूरा परिवार अब जहां खुले आसमान के नीचे रात बिताने को विवश है। वहीं दंपती को अब कैसे उठेगी प्रमिला की डोली व कैसे पीले होंगे निर्मला के हाथ की चिंता सताने लगी है।