15 दिन से हमला कर रहा घड़ियाल
राजीचौराहा (बहराइच)। महसी रेंज के खालेपुरवा में दुर्गा मंदिर के निकट स्थित नाले में घड़ियाल का जोड़ा आ गया है। वह तट पर जाने वाले पशुओं को निवाला बना रहा है। अब तक चार पालतू पशुओं को निवाला बना चुका है जबकि एक गाय को हमला कर घायल कर चुका है।
ग्रामीणों ने सूचना रेंज कार्यालय पर दी लेकिन कोई भी वनकर्मी गांव नहीं पहुंचा। वहीं घड़ियाल 15 दिनों से हमलावर है। बहराइच वन प्रभाग के महसी रेंज अंतर्गत भगवानपुर ग्राम पंचायत खालेपुरवा में दुर्गा मंदिर स्थित है। इसके पास से गुजरे नाले में दो घड़ियाल आ गए हैं। एक छोटा व एक बड़ा है।
ये घड़ियाल आए दिन गांव के पालतू पशुओं को निवाला बना रहे हैं। अब तक चार कुत्ते को निवाला बना चुके हैं। दो दिन पूर्व गांव निवासी मूले का पालतू बछड़ा पानी पीने गया था। इसी दौरान नाले से निकले घड़ियाल ने उस पर भी हमला कर दिया।
बछड़े की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे घड़ियाल से छुड़वाया। गांव निवासी पुतान मिश्रा, बहोरन मिश्र, राजितराम मिश्र, रमेश मिश्रा, सतीश चंद्र मिश्रा, राकेश कुमार मिश्रा आदि ने बताया कि सूचना रेंज कार्यालय महसी पर दी गई।
लेकिन अभी तक कोई भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा है न ही नाले से घड़ियाल को भगाने के कोई उपाय हुए हैं। ग्रामीणों ने डीएफओ को पत्र भेजकर सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है। इस बारे में वन दरोगा अशोक मौर्या ने बताया कि टीम के साथ मौके पर जाकर घड़ियाल को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।