गायघाट (बहराइच)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन के बाद मोतीपुर में सिंचाई कॉलोनी में जनसभा की। यहां विभिन्न योजनाओं के 50-50 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र का वितरण किया। 80 करोड़ की विकास परियोजनाओं का सीएम ने लोकार्पण भी किया। सांसद ने पांच वनग्रामों को राजस्व ग्राम व मिहींपुरवा को नगर पंचायत का दर्जा देने की मांग उठायी।
बलहा विधानसभा क्षेत्र के मोतीपुर सिंचाई कॉलोनी परिसर में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को लेकर प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा आम जनता को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में दिन रात काम किया जा रहा है।
कानून व्यवस्था की दशा भी काफी बेहतर हुई है। जनसभा के दौरान सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने मिहींपुरवा बाजार की आबादी को देखते हुए उसे नगर पंचायत का दर्जा देने और क्षेत्र के पांच वन ग्रामों को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग उठायी। मगर मुख्यमंत्री इन मुद्दों पर पूरी तरह शांत नजर आए।
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने 67.36 करोड़ और 12.30 करोड़ रुपये की निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण किया। यह निर्माण परियोजनाएं बलहा विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण आदि से संबंधित रहीं। डीएम शंभु कुमार ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। वहीं एसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सीएम को एक पौधा भेंट में दिया।
जनसभा के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, जंतु उद्यान मंत्री उपेंद्र तिवारी, विधायक सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह, अनुपमा जायसवाल, जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, प्रदेश मंत्री अनूप गुप्ता, जिला प्रभारी भिखारी लाल, डॉ. आनंद गोंड, जिपं सदस्य सरोज रावत, सरोज सोनकर, योगेश सिंह आदि मौजूद रहे।