बहराइच। जिले की 75 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए भूमि चिह्नित कर वर्क आइडी जारी कर दी गई है। इनमें 62 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू हो गया है। योजना पर 6.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को व्यवस्थित बनाने के लिए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी जीरामजी) के तहत यह पहल की जा रही है। प्रत्येक भवन के निर्माण पर करीब 8.50 लाख रुपये खर्च होंगे। इससे सरकारी खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की सुविधा मिलेगी और कोटेदारों को किराये के स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिले के 14 विकास खंडों की 1043 ग्राम पंचायतों में अभी 216 अन्नपूर्णा भवन संचालित हैं। वर्ष 2023-24 में 141 और वर्ष 2025-26 में 75 भवन बनाए गए थे। प्रस्तावित निर्माण पूरा होने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 291 हो जाएगी।
-
इन ब्लॉकों में बनेंगे भवन
विशेश्वरगंज, तेजवापुर, शिवपुर, रिसिया, पयागपुर, नवाबगंज, महसी और कैसरगंज में पांच-पांच भवन बनेंगे। बलहा में चार, जबकि हुजूरपुर, जरवल, मिहींपुरवा और फखरपुर में छह-छह भवनों का निर्माण होगा।
-
मौजूदा वित्तीय वर्ष में 75 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण होना है। इनमें से 62 ग्राम पंचायतों में काम शुरू हो गया है। योजना पर 6.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
-रविशंकर पांडेय, उपायुक्त, श्रम रोजगार