बहराइच। जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। कोरोना के संक्रमण के बाद जिले में बाहर से आने वाले लोगों के 668 नमूने लेकर जांच के लिए केजीएमयू व राममनोहर लोहिया अस्पताल को भेजे गए थे। सोमवार को देर रात आई रिपोर्ट में अभी तक 425 लोगों के कोरोना निगेटिव होने की पुष्टि हुई है। अभी 215 सैंपल की जांच आनी बाकी रह गई है।
कोरोना वायरस के संक्रमण के बढ़ते खतरे से बहराइच जिला अछूता था। इसी बीच पांच दिन पहले कोरोना वायरस की जांच में आठ लोगों के एक साथ पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। वहीं दो दिन पूर्व एक और कोरोना संक्रमित मिला है। इन सभी को चित्तौरा के कोविड एल-1 वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने अभी तक बाहर से आने वाले लोगों के 668 सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू और डॉ. राममनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस लखनऊ में भेजे गए थे।
सोमवार तक सैंपल की जांच के बाद रिपोर्ट भेजी गई है। सोमवार को रिपोर्ट में 26 लोगों को कोरोना निगेटिव होने की पुष्टि हुई है। जबकि अभी तक 425 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों की निगेटिव रिपोर्ट आ रही है। यह जिले के लिए सुखद संकेत हैं।
19 की रिपोर्ट इनडिटरमिनेट
सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि लगातार जांच रिपोर्ट आ रही हैं। लखनऊ से अभी तक 19 लोगों की रिपोर्ट इनडिटरमिनेट आ रही है। सीएमओ ने बताया कि इनडिटरमिनेट रिपोर्ट आने के पीछे इन लोगों की जांच सही तरीके से तकनीकी खराबी के कारण नहीं हो पाना है। हालांकि जांच टीम अभी भी लगी हुई है। उम्मीद है कि इन सभी की रिपोर्ट भी निगेटिव ही आए।