बहराइच। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 65वां प्रांत अधिवेशन मंगलवार शाम को प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ शुरू होगा। इसके बाद 17 से 18 दिसंबर तक शोभायात्रा तथा अन्य समसामयिक विषयों पर छात्र-छात्राओं के भाषण होंगे। अधिवेशन का समापन 19 दिसंबर को नूतन एवं पुरातन कार्यकारिणी बैठक के साथ होगा। एबीवीपी के प्रांत मंत्री पुष्पेंद्र वाजपेयी ने सोमवार को किसान पीजी कॉलेज के कमेटी हॉल में प्रेस वार्ता करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस अधिवेशन में पुन: निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष प्रोफेसर नीतू सिंह और नव निर्वाचित प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा कार्यभार ग्रहण करेंगे। युवाओं के मार्गदर्शन के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को आमंत्रित किया गया है।
अधिवेशन में शिक्षा और सामाजिक विषयों से संबंधित चार प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जिनमें उच्च शिक्षा में व्याप्त विसंगतियों का नियमन, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल प्लेटफॉर्म तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रयोग शामिल हैं।
इस अवसर पर एबीवीपी के संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, विभाग संगठन मंत्री अंकुल राठौर, विभाग प्रमुख डॉ. अंजनी कुमार शुक्ल, जिला संयोजक देवाशीष सिंह, नगर अध्यक्ष डॉ. किसुनवीर तथा नगर मंत्री शिवम गौड़ समेत अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।