रुपईडीहा (बहराइच)। एसएसबी 42वीं वाहिनी के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर तीन युवकों को 500 शीशी नेपाली सौंफी व 45 लीटर खुली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब को सीज कर पकड़े गए आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसएसबी के मुताबिक सभी सीमा पार कर भारतीय सीमा में शराब को बेचने की फिराक में थे।
एसएसबी के 42वीं वाहिनी के सहायक कमांडेंट सुकुमार देव वर्मा ने बताया कि गुरुवार सुबह नेपाली शराब सौंफी भारत ले जाने की सूचना मिली। इस पर उपनिरीक्षक नरेश कुमार, बीरबल चंद, रजनेश कुमार तथा अशरफ को टीम बनाकर भेजा गया। सभी ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पिलर संख्या 35-36 के मध्य गश्त शुरू की। इसी दौरान तीन युवक नेपाल की ओर से आते दिखे। इस पर उन्हें रोक कर तलाशी ली गई। पकड़े गए युवकों के पास से 500 शीशी नेपाली सौंफी तथा 45 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। सहायक कमांडेंट ने बताया कि पकड़े गए युवकों की पहचान बल्लू अली, अशोक कुमार तथा सूरज निवासी छोटा पोखरा थाना रुपईडीहा के रूप में हुई है। बरामद शराब को सीज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसएसबी के मुताबिक बरामद शराब की कीमत 50 हजार से अधिक की बताई जा रही है। एसएसबी के मुताबिक तीनों युवक शराब की खेप को भारतीय क्षेत्र में खपाना चाहते थे।