जरवलरोड/घाघराघाट। बहराइच में रिश्तेदारी में अंतिम संस्कार में शामिल होने आया लखनऊ निवासी परिवार रात में कार से लखनऊ लौट रहा था। कार सवार परिवार जब बहराइच-लखनऊ मार्ग पर रिठौड़ा मोड़ के पास पहुंचा। तभी कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कार में सवार मासूम समेत पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
लखनऊ के मलिहाबाद निवासी नितेश सिंह (32) पुत्र अनिल सिंह की रिश्तेदारी बहराइच शहर में है। एक रिश्तेदार की मौत होने के चलते लखनऊ से पूरा परिवार मिट्टी में शामिल होने आया था। यहां पर अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद परिवार के लोग कार में सवार होकर देर रात लखनऊ के लिए रवाना हो गए। नितेश के साथ उनका भाई नितिन सिंह (30), पत्नी निक्की सिंह (25), मां मंजू सिंह (50) व पुत्री दिव्यांशी (डेढ़) थे। कार सवार परिवार जब बहराइच-लखनऊ मार्ग पर जरवलरोड थाना अंतर्गत रिठौड़ा मोड़ के निकट पहुंचा। तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने कार के अंदर फंसे परिवार के लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की सहायता से रात में ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद पहुंचाया। वहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लखनऊ स्थित निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। नितेश और मंजू की हालत नाजुक बताई जा रही है।