श्रावस्ती। पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को कुल 60 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि प्रथम चरण में यह मतदान प्रतिशत 62 प्रतिशत था।
दो ब्लॉकों में जिला पंचायत सदस्य के लिए नौ पदों पर 150 प्रत्याशी व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 1383 पदों पर भाग्य आजमा रहे हैं। 1533 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटिका में कैद हो चुकी है। हालांकि अधिकतर मतदान स्थलों पर फर्जी वोटिंग के कारण तनाव की स्थित भी दिखी।
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में शनिवार को हरिहरपुररानी व जमुनहा में वोट डाले गए। दो विकास खंडों के 436 बूथों पर सुबह सात बजे से ही मतदान शुरू हुआ। सुबह आठ बजे तक जिले में मतदान की रफ्तार बहुत ही धीमी रही।
देखा जाए तो नौ बजे तक जिले में औसतन कुल नौ फीसदी ही मतदान हुआ लेकिन 11 बजे के बाद मतदान की रफ्तार कुछ तेज हुई। 11:30 बजे तक जिले में 30 फीसदी तक मतदान का आंकड़ा पहुंच गया। वहीं जमुनहा में मतदान प्रारंभ होते ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों द्वारा फर्जी वोटों का आरोप समुदाय विशेष की महिलाओं पर लगाया गया।
एजेंटों का आरोप था कि महिलाएं दूसरे के नाम पर भी मतदान कर रहीं हैं। वहीं इन महिलाओं को सत्यापित करने के लिए बूथ के अंदर ही मौजूदा ग्राम प्रधान बैठे देखे गए। इस पर मतदान अभिकर्ताओं द्वारा आपत्ति की गई जिहें बाद में सेक्टर मजिस्ट्रेट ने बाहर करवाया।