जिला अस्पताल पहुंचते ही मासूम ने तोड़ा दम
बहराइच। बलरामपुर निवासी एक मासूम को बुखार व निमोनिया की शिकायत पर परिवारीजन गुरुवार सुबह जिला अस्पताल लाए। यहां पर पहुंचते ही मासूम ने दम तोड़ दिया। वहीं 18 और रोगी भर्ती हुए हैं।
इनमें दो रोगियों की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उन्हें केजीएमयू लखनऊ रेफर किया है। बलरामपुर जिले के गैसड़ी थाना क्षेत्र निवासी राजाराम की एक वर्षीय बेटी कुसुम को बीते तीन दिनों से बुखार की शिकायत थी।
स्थानीय डॉक्टरों से परिवार के लोगों ने इलाज कराया। लेकिन उसकी हालत बिगड़ती चली गई। इस पर डॉक्टरों ने उसे बहराइच जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। परिवारीजन गुरुवार सुबह मासूम को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, यहां पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया।
इस पर परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर लौट गए। उधर 18 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें कोतवाली देहात के कुसौर निवासी सोन कुमार (16 दिन) और विकास (ढाई माह) की हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने उन्हें केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया है।