चोरों ने पूर्व मंत्री समेत दो घरों को खंगाला
डाग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने की जांच पड़ताल
बहराइच/जरवलरोड। चोरों का उत्पात जिले में थम नहीं रहा है। बुधवार की रात चोरों ने पूर्व मंत्री के मकान समेत दो घरों से नकदी और जेवरात समेत 15 लाख की संपत्ति पार कर दी। सूचना मिलने के बाद डाग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की, लेकिन सुराग हाथ नहीं लग सके। इस मामले में पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव निवासी ठाकुर भगौती सिंह प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री थे। उनके पौत्र अखंड प्रताप सिंह मकान में परिवार के साथ रह रहे हैं। बुधवार को अखंड प्रताप परिवार के साथ बाराबंकी रिश्तेदारी में गए थे। घर पर छोटा भाई राहुल परिवार के साथ दूसरी मंजिल पर कमरे में सो रहा था। इसी दौरान रात में चोरों ने घर में कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखे 50 हजार रुपये व जेवरात पार दिए। चोर लगभग 10 लाख की संपत्ति समेट ले गए। सूचना पाकर थानाध्यक्ष हरि सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गन्ने के खेत में बक्सा टूटा हुआ मिला। डाग स्क्वायॅड व फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य एकत्रित किए हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि तहरीर लेकर जांच की जा रही है। इसके बाद केस दर्ज करेंगे। उधर, कोतवाली नगर अंतर्गत ब्राह्मणीपुरा निवासी सुनील रस्तोगी गुरुवार को सुबह 9:30 बजे अपने मकान में ताला लगाकर दुकान पर गए थे। घर के अन्य सदस्य रिश्तेदारी में थे। दोपहर में आसपास के लोगों ने घर के लोगों ने ताला टूटा होने की सूचना दी। सुनील मौके पर पहुंचे तो घर से से एक युवक भागता हुआ दिखा। उसकी पहचान फत्ते निवासी मोहल्ला छावनी के रूप में हुई। सुनील के मुताबिक घर से 12 तोला सोने के जेवरात, चांदी के जेवरात, 25 हजार रुपये नकदी समेत लगभग पांच लाख की संपत्ति गायब है। इस मामले में उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है।