बहराइच। शासन के निर्देश पर विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को सभी तहसीलों में खाद की दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान एक दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। कागजात अधूरे मिलने पर छह दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। विभिन्न दुकानों से 23 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। अधिकारियों के छापे से खाद व्यवसायियों में हड़कंप की स्थिति रही।
उर्वरक व बीज व्यवसायियों द्वारा कालाबाजारी किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी को मिल रही थी। इस पर जिलाधिकारी विभिन्न विभागों की टीम बनाकर छापा मारने के निर्देश दिए। शनिवार को जिले के 49 उर्वरक व बीज की दुकानों पर अधिकारियों की टीम ने छापा मारा। सदर और नानपारा तहसील क्षेत्र में संचालित दुकानों पर जिला कृषि अधिकारी सतीश कुमार पांडेय और डीडीओ राजेश कुमार मिश्रा, मोतीपुर तहसील में उप कृषि निदेशक डॉ. आरके सिंह और पीडी अनिल कुमार, महसी में कृषि रक्षा अधिकारी रामदशरथ वर्मा व डीसी मनरेगा केडी गोस्वामी, पयागपुर में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी सदर उदयशंकर सिंह और जिला उद्यान अधिकारी पारसनाथ, कैसरगंज में भूमि संरक्षण अधिकारी अरविंद विश्वकर्मा व एआर कोआपरेटिव नवीन चंद्र शुक्ला की टीम ने छापा मारा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि निलंबन मास्टर खाद बीज भंडार तिवारीपुरवा में काफी अनियमितता मिली। इस पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि छह दुकानों पर कागजात दुरुस्त नहीं मिला। जिससे दुकानदारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इनमें दरगाह में स्थित अग्रवाल फर्टिलाइजर्स बहराइच, एग्री जंक्शन वन स्टाप किशुनपुर, राधेश्याम खाद बीज भंडार जूडा समेत अन्य शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दुकानों से लिए गए 23 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।