बहराइच के महाराज सिंह इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा देकर बाहर निकलते विद्यार्थी। -संवाद
बहराइच। जिले के सभी 122 केंद्रों पर शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। प्रशासन की मुस्तैदी के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
पहली पाली में हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटरमीडिएट की फल/खाद्य संरक्षण व पाक शास्त्र विषयों की परीक्षा हुई। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के इतिहास विषय की परीक्षा हुई। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानंद ने बताया कि दोनों पालियों में कुल 4,697 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिसमें हाईस्कूल के कुल 38,103 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 2,953 अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट के 27,254 पंजीकृत विद्यार्थियों में से 1,744 ने परीक्षा छोड़ दी। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। परीक्षार्थियों को सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। केंद्र व्यवस्थापकों और सचल दस्तों ने लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सात उड़ाका दलों ने की केंद्रों पर छापामारी
बोर्ड परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए शुक्रवार को सात उड़ाका दलों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण किया। टीमों ने परीक्षा कक्षों में जाकर सघन जांच की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जिले में कहीं से भी नकल या किसी अन्य अनियमितता की कोई सूचना नहीं मिली है और परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।