दो साल से इंतजार कर रहे हाईस्कूल और इंटर के मेधावियों को रविवार को लैपटॉप मिले तो वह खुशी से उछल पड़े। विकासभवन के साथ नानपारा और कैसरगंज तहसील में मेधावियों को लैपटॉप वितरित किए गए। पहले चरण में जिले के 450 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप मिल सके। इस मौके पर विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया।
विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सांसद रूबाब सईदा, समाज कल्याण राज्य मंत्री बंशीधर बौद्ध एवं एमएलसी हाजी मोहम्मद इमलाक खां की मौजूदगी में वर्ष 2014 में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण 300 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए गए। मेधावियों के नाम की उद्घोषणा शुरू होने के साथ दीर्घा में बैठे छात्र उत्साह से भर गए।
लैपटॉप हाथों में पहुंचते ही विद्यार्थियों के चेहरे पर विजयी मुस्कान आ गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि बंशीधर बौद्ध ने छात्र-छात्राओं को देश का भविष्य बताया। कहा कि उच्च शिक्षा बाधित न हो, इसके लिए सरकार ने लैपटॉप दिया है। वह लैपटॉप के माध्यम से सफलता की ऊंचाइयां प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पूर्व सांसद रूबाब सईदा ने कहा कि लोग डिजिटल होती दुनिया में पीछे नहीं रहने पायें, इसके लिए सरकार ने एक और ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए भविष्य में प्रदेशवासियों को मोबाइल देने की घोषणा की है। लैपटाप छात्रों के भविष्य की कुंजी है। एमएलसी हाजी मोहम्मद कार्यक्रम को संबोधित किया।
उधर नानपारा तहसील में आयोजित समारोह में 110 छात्र-छात्राओं को तथा कैसरगंज में 40 मेधावियों को लैपटॉप प्रदान किया गया। डीआईओएस राजेंद्र पांडेय ने कहा कि लैपटॉप के माध्यम से छात्र अपनी शिक्षा को और बेहतर बना सकते हैं।