बहराइच। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज और उससे संबद्ध राज्य चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल का निरीक्षण किया। तैनात किए गए कर्मचारियों के अभिलेख जांचे। संबद्ध चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को देखकर और बेहतर व्यवस्था बनाने के टिप्स सुझाए।
मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की टीम शुक्रवार को काउंसिल के अधिकारी तमिलनाडु निवासी प्रोफेसर डॉ. एस धरमपुल्ल और पश्चिम बंगाल निवासी प्रोफेसर डॉ. निलय सिंह की अगुवाई में बहराइच पहुंची। टीम ने सुबह निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की स्थिति देखी। विभिन्न विभागों के निर्माण की व्यवस्था जांचकर हस्तांतरित करने में आने वाली समस्याओं पर मंथन किया।
इसके बाद टीम राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध जिला अस्पताल पहुंची। यहां पर निर्मित चिकित्सालय नवीन भवन व प्रस्तावित आपरेशन थियेटर तथा अन्य विभागों के लिए चयनित स्थलों का मुआयना किया। दोपहर बाद टीम ने अस्पताल में संबद्ध कर्मचारियों और मेडिकल कालेज में तैनात किए गए प्रोफेसर्स व अन्य अधिकारियों के अभिलेखों को भी जांचा।
इस मौके पर मेडिकल कालेज के प्रिसिंपल डॉ. अनिल के साहनी से भी विभिन्न मुद्दों पर वार्ता की। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल ने बताया कि टीम के अधिकारी जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्य योजना के बारे में बताया जा सकेगा।