बहराइच। जिले में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को जारी की गई जांच रिपोर्ट में 40 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शहर क्षेत्र के लोगों को होम आइसोलेट कराया गया है। उधर, शासन से भेजे गए नोडल अधिकारी ने एल-1 और एल-2 अस्पतालों का निरीक्षण करते हुए मरीजों के इलाज के बारे में जानकारी ली।
जिले में कोरोना की रफ्तार बढ़ती ही जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिपोर्ट जारी की गई, जिसमें फखरपुर थाने के 10 पुलिस कर्मियों समेत 40 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि पॉजिटिव मिले ग्रामीण क्षेत्र के संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जबकि शहर क्षेत्र के संक्रमित लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेट लोगों का इलाज स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा किया जा रहा है। सीएमओ ने बताया कि संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से सैंपल लिए जा रहे हैं। उधर, शासन से नामित नोडल अधिकारी विशेष सचिव पंचायती राज राकेश कुमार ने सोमवार को एल-1 व एल-2 चिकित्सालयों के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों को निर्देश दिया कि कोविड-19 के दृष्टिगत प्रतिदिन चिकित्सालय परिसर की साफ-सफाई एवं सैनिटाइज कराया जाय। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ तथा मरीजों की ओर से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अनिवार्य रूप से मास्क एवं सैनिटाइजर का प्रयोग सुनिश्चित किया जाए।