हरबंशी गांव में बुधवार दोपहर दो बजे के करीब एक भुसैले में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में गांव के 40 घर आ गए। गांव में कोहराम की स्थिति मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल दस्ते ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में लगभग 20 लाख के सामान का नुकसान हुआ है।
थाना क्षेत्र नवाबगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत भकतापुर गुलहरिया के मजरा हरबंशी गांव में बुधवार दोपहर लगभग दो बजे के करीब आंधी-तूफान के बीच गांव निवासी राजेश के भुसैले में आग लग गई। तेज हवा के झोंकों से आग पूरे गांव में फैल गई।
देखते ही देखते आग ने गांव निवासी आशाराम, मंते, लखनराम, गोड़ई, अमृतलाल, इंद्रसेन, कोयली, बाबू, अकबर, जैतूना, रामसागर, शिवपाल, बुधईलाल, बाबादीन, बच्छराज, तिलकराम, कैलाश सिंह, राजकुमार सिंह, शंकर व कृपाराम समेत 40 ग्रामीणों के घरों को चपेट में ले लिया।
आग को बढ़ता देख तत्काल गांव के लोगों ने फायर स्टेशन को सूचना दी। गांव में कोहराम की स्थिति मची रही। इसी बीच दमकल वाहन पहुंच गया। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया लेकिन तब तक 40 घरों का पूरा सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों के घरों में रखा अनाज, लगभग दो लाख रुपये की नकदी नकदी, तीन लाख रुपये के जेवर और पांच लाख रुपये के अन्य सामान समेत 20 लाख का सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड की सूचना ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन को दी है। हालांकि अभी तक अहेतुक सहायता नहीं प्रदान की गई है।
उधर, श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मल्हीपुर खुर्द के मजरा मोंगला क्षेत्र के उत्तमापुर व मंतुरी समेत भिनगा के बालू पुरवा गांव में बुधवार को आग लग गई। अग्निकांड में 24 घर जल गए जबकि तीन बकरियों की भी झुलसने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने आग को काबू किया।
मोगला निवासी संधू पुत्र लखन के घर चूल्हे पर नाश्ता बन रहा था। इसी बीच अचानक आई आंधी से उठी चिंगारी के कारण उसके घर में आग लग गई। जब तक लोगों की समझ में कुछ आता, लपटों ने दाताराम, मयाराम, अंगनू, महेंद्र, परसू, हरख, संजय, बंटी, भुसैली, कुंवारे, संतराम, बुद्धू, भोला, विश्राम, चेतराम व बाबादीन के घरों को भी अपनी आगोश में ले लिया।
तेज आंधी के कारण आग को काबू न होता देख ग्रामीणों ने फायर स्टेशन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग को काबू किया। इस दौरान जहां संधू की तीन बकरियों की झुलसने से मौत हो गई वहीं सभी घरों में रखे कपड़ा, बर्तन व अनाज समेत अन्य सामान राख हो गए।
अग्निकांड में करीब दस लाख रुपये के सामान के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। वहीं तेज आंधी के बीच मल्हीपुर थाना क्षेत्र के उत्तमापुर में लगी आग में स्वामी दयाल, तीरथ, विजयी व शिवराज तथा क्षेत्र के ही मंतुरी गांव में लगी आग में मोहीद खां का घर राख हो गया।
एक अन्य घटना में भिनगा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बालूपुरवा में लगी आग में मोहन व हीरा का घर जल कर राख हो गया। इन सभी स्थानों पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से आग को काबू किया।
इस दौरान सभी घरों में रखे कपड़ा, बर्तन व अनाज समेत अन्य सामान राख हो गए। अग्निकांड में करीब पांच लाख रुपये के सामान के क्षति का अनुमान लगाया गया है। इसमें कोई हताहत नहीं हुआ है।