बहराइच के सिटी मांटेसरी स्कूल में रविवार को आयोजित प्रतिभा खोज परीक्षा में प्रतिभाग करते छात्र-?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। जिले के 15 स्कूलों में रविवार को प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन हुआ, जिसमें 3500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। रुपईडीहा, फखरपुर समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का सांसद प्रतिनिधि ने निरीक्षण किया। परिणाम आने के बाद प्रथम 10 स्थान पर रहने वाले छात्र-छात्राओं को सांसद की ओर से 31 दिसंबर को सम्मानित किया जाएगा।
कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह की ओर से प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन प्रति वर्ष जन्मदिन से पूर्व कराया जाता है। उसी के तहत रविवार को प्रतिभा खोज परीक्षा कराई गई। सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शहर के सिटी मांटेसरी स्कूल, रुपईडीहा में स्थित श्रीराम जानकी इंटर कॉलेज, मिहींपुरवा के सर्वोदय इंटर कॉलेज, फखरपुर, कैसरगंज समेत 15 स्कूलों में प्रतिभा खोज परीक्षा कराई गई, जिसमें कक्षा नौ से लेकर 12 तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्य की अगुवाई में सुचितापूर्ण परीक्षा आयोजित हुई। सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह ने रुपईडीहा में ब्लॉक प्रतिनिधि डॉ. हरिश्चंद्र के साथ विद्यालय का निरीक्षण किया। इसके बाद सांसद प्रतिनिधि ने जरवल व कैसरगंज के विद्यालयों का निरीक्षण किया। फखरपुर के चौधरी सियाराम इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा में महाविद्यालय के प्रशासक अखंड शाही, अजीत सिंह, दीपक सिंह ने निरीक्षण किया। सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि सभी विद्यालयों में हुई परीक्षा में 3500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि आठ जनवरी को जन्म दिवस के अवसर 10 स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में बाइक प्रदान की जाएगी।