बहराइच। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित एक मासूम की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर बुखार और डायरिया से पीड़ित 17 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन रोगियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
जिले में तीन दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है। मौसम परिवर्तन मासूमों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। पयागपुर के सरसा रेवली निवासी इरफान (डेढ़ माह) पुत्र हारून को बुखार की शिकायत पर दो दिन पूर्व जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया था। सोमवार दोपहर में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई। परिवारीजन रोते-बिलखते शव लेकर घर चले गए हैं। उधर बुखार और डायरिया से पीड़ित 17 और रोगी भर्ती हुए हैं। इनमें तीन रोगियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। जिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. केके वर्मा ने बताया कि नहकटिया निवासी परवीन की पुत्री (एक दिन), पयागपुर निवासी गुड़िया की पुत्री (दो दिन) तथा हरदी निवासी निहाल (दो दिन) को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।