बहराइच/नानपारा। मुख्य चिकित्साधिकारी के अर्दली, मेडिकल कॉलेज के दो कर्मचारी व सीएचसी पयागपुर की स्टाफ नर्स समेत जिले में मंगलवार को 30 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमितों को होम आइसोलेट व अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज किया जा रहा है। वहीं सीएचसी को 48 घटे के लिए सीज कर दिया गया है।
जिले में कोरोना का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के ओटी में तैनात स्टाफ नर्स और चतुर्थ श्रेणी कर्मी पॉजिटिव निकला है। इसके अलावा सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह का अर्दला भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। वहीं पयागपुर के अकरौरा गांव निवासी युवक भी कोरोना संक्रमित मिला है। उधर नानपारा नगर के स्टेशनरोड जुबलीगंज निवासी संक्रमित शिक्षक के छह और ढाई वर्षीय पुत्र भी मंगलवार को आई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
जबकि नगर के भटेहटा निवासी एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके अलावा बलहा के नानपारा देहात निवासी खाद की दुकान चलाने वाला युवक और गायघाट निवासी युवक भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। उधर विकास खंड शिवपुर में पांच, बहराइच शहर में तीन और ग्रामीण क्षेत्रों के तीन अन्य मरीज भी मंगलवार की देर शाम आई रिपोर्ट में संक्रमित मिले हैं। वहीं सीएचसी में तैनात स्टाफ नर्स ड्यूटी करने सोमवार की शाम पहुंची तो उसका एंटीजन टेस्ट कराया गया।
इसमें स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव निकली। इस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 48 घंटे के लिए सीज कर दिया गया है। सीज के दौरान लोगों को आवश्यक सेवाएं पीएचसी में दी जाएंगी। बलहा के अधीक्षक डॉ. संजय सोलंकी ने बताया कि गायघाट व नानपारा देहात के संक्रमित युवक की रिपोर्ट लखनऊ से आई है। दोनों कोरोना संक्रमित रोगियों की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। सीएमओ ने बताया कि एक कोरोना रोगी शहर का निवासी है।
अर्दली पॉजिटिव, फिर भी हो रही मीटिंग
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश सिंह का अर्दली कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके बावजूद सीएमओ सभागार में स्थित सेंटर का निरीक्षण चल रहा है। मीटिंग भी चल रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमण को लेकर कितना संजीदा है। इसी तरह रहा तो संक्रमण बढ़ने से कोई भी रोक नहीं पाएगा।