शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने स्थान चिन्हांकन कर भेजी रिपोर्ट
5000 या उससे अधिक की जनसंख्या वाले ग्रामीण क्षेत्रों में होगा निर्माण
बहराइच। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए 28 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाए जाएंगे। जिसको लेकर स्वास्थ्य महकमे ने स्थान चिह्नांकन कर शासन को पत्र भेज दिया है। शासन की ओर से स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण 5000 या उससे अधिक की आबादी क्षेत्र में किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अनुपूरक वार्षिक कार्ययोजना के तहत जिले में 28 नवीन स्वास्थ्य उपकेंद्र बनाए जाएंगे। करोड़ों की लागत से बनने वाले इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण के लिए शासन की ओर से जनवरी माह में ही स्थान चिह्नांकन का निर्देश दिया गया था। जिस पर स्वास्थ्य महकमे ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में स्थान चिह्नांकन कर शासन को सूची भेज दी है। इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण जिले के ऐसे दुर्गम क्षेत्रों में किया जाएगा, जहां 5000 या इससे अधिक की आबादी निवासरत है। वहीं इन क्षेत्रों से सीएचसी, पीएचसी व पूर्व से निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्रों की दूरी अधिक है।
पहले से निर्मित हैं 294 स्वास्थ्य उपकेंद्र
सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध करवाने के लिए जिले में 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, 49 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में 294 स्वास्थ्य उपकेंद्र भी चल रहे हैं। जिनमें से कई किराए के भवनों में चल रहे हैं। लेकिन वर्तमान में चल रहे स्वास्थ्य उपकेंद्र 14000 से 15000 की आबादी पर स्थित हैं। लेकिन अब शासन की ओर से 5000 या उससे अधिक की आबादी क्षेत्र में स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया गया है।
उपकेंद्र के लिए इन स्थानों का हुआ चयन
प्रस्तावित है 28 नवीन उपकेंद्राें के लिए महसी तहसील के महसी, देवरायपुर, नाथवापुर हुजूरपुर विकासखंड के शाहपुर, कटघरा कला जरवल के अटैसा, कपूरपुर कैसरगंज के भखरौली मुंगेशपुर, बरखुरद्वारापुर, फखरपुर के मुड़का, रामपुर किंधौली पयागपुर के नूरपुर, अरकापुर बलहा के परसा अगय्या द्वितीय, भोपतपुर बेलवा, मधुबन, कोइलहवा शिवपुर के अलीनगर, सैयदनगर रिसिया के लच्छमनपुर शंकरपुर, मदरागढ़ी मिहीपुरवा के जालिमनगर, मंझरा चित्तौरा के सोहरवा द्वतीय,रायपुर द्वितीय तेजवापुर के आदिलपुर, विशेश्वरगंज के ककरा मोहम्मदपुर व चर्दा के लखइयया का चयन किया गया है।
स्वीकृति मिलते ही शुरू होगा निर्माण कार्य
शासन की ओर से 28 नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्वीकृति व स्थान चिह्नांकन कर सूची मांगी गई थी। सूची भेजी जा चुकी है। अनुमोदन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। -बृजेश सिंह, डीएचआईओ