बहराइच (ब्यूरो)। बोर्ड परीक्षा केंद्र की अनियमितता को लेकर शनिवार को आचार्य विनोद कुमार मदन गोपाल इंटर कॉलेज की 22 छात्राओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
छात्राओं ने कहा कि परीक्षा केंद्र दूर होने के चलते सभी ने परीक्षाएं छोड़ दी हैं और इसके लिए डीआईओएस जिम्मेदार हैं। नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर सभी ने डीआईओएस के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षा में अनियमितताओं के चलते विद्यार्थियों के प्रदर्शन का सिलसिला जारी है। शनिवार को आचार्य विनोद कुमार मदन गोपाल इंटर कॉलेज कटघरी सुग्रीव की छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंच गईं।
छात्राओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक पर केंद्र निर्धारण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने कहा कि उनका परीक्षा केंद्र विद्यालय से 15 किलोमीटर दूर बहराइच शहर के विद्यालय को बना दिया गया है, जबकि आठ किलोमीटर की परिधि में क्षेत्र में छह से अधिक विद्यालय स्थापित हैं।
छात्रा सुषमा, मुन्नी, छाया ने बताया कि केंद्र अधिक दूर होने के चलते लगभग 22 छात्राएं परीक्षाएं नहीं दे सकीं। पूरा साल बर्बाद हो गया है। प्रदर्शन के बाद छात्राओं ने नगर मजिस्ट्रेट वीएन पांडेय को ज्ञापन सौंपा।
2000 छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
बहराइच। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा शनिवार को तीसरे दिन शांतिपूर्वक संपन्न हुई। सुबह 7:30 बजे से हाईस्कूल की वाणिज्य और इंटरमीडिएट अर्थशास्त्र प्रथम प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई।
इसमें लगभग 400 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिंदी द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा दोपहर दो बजे से हुई। इसमें लगभग 1600 छात्र अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय कंट्रोल रूम के प्रभारी अजीत तिवारी ने बताया कि कोई भी नकलची पकड़ा नहीं गया।