उर्रा (बहराइच)। फौजी फार्म अमृतपुर निवासी बालक रविवार देर शाम को घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकलकर आए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसे गन्ने के खेत में खींच ले गया। तभी बालक की खोज में निकले परिवारीजनों व ग्रामीणों के हांका लगाने पर तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल में चला गया। सूचना पर पहुंचे वनकर्मियों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत अमृतपुर ग्राम पंचायत के फौजी फार्म निवासी दिलीप राजभर (10) पुत्र मनोज रविवार शाम छह बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। इसके बाद उसे गन्ने के खेत में खींच ले गया। बालक के न मिलने पर परिवारीजनों ने तलाश शुरू की। पास के गन्ने के खेत में आवाज आने पर सभी ने ग्रामीणों के साथ हांका लगाया। इस पर तेंदुआ उसे छोड़कर जंगल में चला गया। बालक को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। बीडीसी सदस्य पंकज श्रीवास्तव ने सूचना रेंज कार्यालय को दी। वन रक्षक आनंद की अगुवाई में पहुंची टीम ने उसे सीएचसी मोतीपुर में भर्ती कराया। सीएचसी मोतीपुर के चिकित्सक डॉ. राजवेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा मृत हालत में लाया गया था। बालक के सिर व गले पर गहरे जख्म हैं। वहीं इस मामले में डीएफओ ज्ञानप्रकाश सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हमले की सूचना मिली है। बालक को अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रार्थना पत्र के बाद मुआवजा प्रदान किया जाएगा।