सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने सीएमओ आवास पर किया हंगामा
साथी का तबादला करने पर फोन कर की अभद्रता, उच्चाधिकारियों तक पहुंचा मामला
बहराइच। फखरपुर सीएचसी के एमओआईसी का स्थानांतरण बाबागंज कर दिया गया है। यह बात जरवल सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को नागवार गुजरी। चिकित्साधिकारी ने सीएमओ को फोन कर अभद्रता की। इसके बाद रात 12 बजे सीएमओ आवास पर पहुंचकर हंगामा किया। इससे अस्पताल परिसर में एक घंटे तक अफरातफरी रही। पुलिस के पहुंचने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी मौके से निकल लिए। मामले में सीएमओ ने शासन में शिकायत की है। विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जरवल के प्रभारी चिकित्साधिकारी पीतांबर मौर्य और फखरपुर में एमओआईसी के पद पर तैनात चिकित्साधिकारी प्रत्यूष सिंह दोस्त हैं। प्रत्यूष सिंह की लगातार शिकायतें मिलने पर सीएमओ ने दो दिन पूर्व उनका स्थानांतरण बाबागंज पीएचसी के लिए कर दिया। यह बात जरवल के प्रभारी चिकित्साधिकारी को नागवार गुजरी। चिकित्साधिकारी ने पहले कुछ असरदार लोगों से फोन करवाया। बात नहीं बनने पर रात में आठ बजे के आसपास सीएमओ को फोन कर प्रत्यूष सिंह का स्थानांतरण रद्द करने को कहा। सीएमओ डॉ. अरुणलाल ने बताया कि जब उन्होंने इससे इन्कार किया तो प्रभारी चिकित्साधिकारी पीतांबर ने फोन पर अभद्रता की। इसके बाद रात 12 बजे के आसपास चिकित्सालय परिसर में स्थित आवास पर हंगामा किया। सीएमओ के मुताबिक वह नशे में लग रहे थे। सीएमओ ने सूचना पुलिस को दी तो डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची। यह देख प्रभारी चिकित्साधिकारी मौके से निकल गए। सीएमओ ने कहा कि मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है।
आवास पर गया था, नहीं की अभद्रता
प्रभारी चिकित्साधिकारी पीतांबर मौर्या का कहना है कि वे सीएमओ आवास पर गए थे। सहयोगी प्रत्यूष के बारे में बात करनी थी, लेकिन सीएमओ मिले नहीं तो वापस लौट आया। सीएमओ क्या चाहते हैं, नहीं जानते। अपशब्द, हंगामा और नशे का आरोप पूरी तरह निराधार है।