बहराइच। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को रिपोर्ट जारी गई, जिसमें विशेश्वरगंज व मिहींपुरवा निवासी दो-दो युवक समेत 21 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के कोरोना संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जबकि शहर क्षेत्र के लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में 21 लोग कोरोना संक्रमित मिले। बलहा के अधीक्षक डॉ. संजय सोलंकी ने बताया कि भज्जापुरवा गांव निवासी एक युवक कोरोना संक्रमित निकला है। पयागपुर के अधीक्षक डॉ. एनबी जायसवाल ने बताया कि भूपगंज बाजार निवासी युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। विशेश्वरगंज के सुनगा और उधरहना सरहदी गांव निवासी ग्रामीण कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। कैसरगंज के ऐनी निवासी युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। मिहींपुरवा में दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के जिन कोरोना संक्रमितों में लक्षण दिखे हैं, उन्हें कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। जबकि कुछ लोगों को होम आइसोलेट कराया गया है। सीएमओ ने बताया कि होम आइसोलेट लोगों को रिस्पांस टीम की ओर से दवा मुहैया करायी जा रही है।