बहराइच मेडिकल कॉलेज में परचा काउंटर पर लगी भीड़। -संवाद
बहराइच। सुबह- शाम हो रही ठंड व दिन की धूप से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। इसका सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। इसके कारण मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। सोमवार को ओपीडी में 2030 मरीजों का चिकित्सकों ने इलाज किया, जिसमे सांस संबंधी व सर्दी जनित बीमारियों के सबसे अधिक मरीज रहे।
रविवार के अवकाश के बाद सुबह ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। चिकित्सक का कक्ष मरीजों से खचाखच भरा रहा और बाहर बरामदे में भी मरीज अपनी बारी के इंतजार करते नजर आए। चिकित्सक डॉक्टर अंशुमान सिंह ने बताया कि सर्दी जनित बीमारयों के सबसे अधिक मरीज आ रहे हैं।
पैथाेलॉजी में भी सुबह से लेकर दोपहर तक मरीजों की लंबी लाइन लगी रही। जांच कराने के लिए पहुंचे रिसिया के सुखवीर व बलबीर ने बताया कि दो घंटों से लाइन में खड़े होने के बावजूद नंबर अभी तक नही आया है। उन्होंने कहा कि काउंटर पर साफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ है।
बाल रोग विभाग में भी मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। यहां 240 से अधिक बच्चों की ओपीडी हुई, जिनमें ज्यादातर सर्दी-जुकाम और बुखार से पीड़ित थे। गंभीर हालत वाले बच्चों को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में सामान्य वार्ड और पीआईसीयू में 48 से अधिक बच्चे भर्ती हैं।
मेडिकल कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. अरविंद शुक्ला ने बताया कि सभी मरीजों का उपचार कर दवा दी गई है और जांच कराकर भर्ती भी कराया गया है।