बहराइच। आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग की बेटियों की शादी में अब सरकार आर्थिक सहारा देगी। चालू वित्तीय वर्ष में जिले को 910 ओबीसी बेटियों के विवाह का लक्ष्य मिला है। इसके लिए अनुदान के तौर पर शासन ने 1.82 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। पात्र परिवारों को बेटी की शादी के लिए 20 हजार रुपये दिए जाएंगे।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से संचालित इस योजना का लाभ उन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से कम है। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां योजना का लाभ पाने की पात्र होंगी। निराश्रित, दिव्यांग और भूमिहीन परिवारों की बेटियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मंजरी भारद्वाज ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू हो चुकी है। विवाह की तिथि से तीन महीने पहले या तीन महीने बाद तक आवेदन किया जा सकता है। निर्धारित अवधि के बाहर आवेदन स्वीकार नहीं होंगे।
ऐसे करें आवेदन
योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र, कन्या और वर का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता की बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की जांच 21 दिनों के भीतर पूरी होने के बाद स्वीकृत धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेज दी जाएगी।