बहराइच में रविवार को मेडिकल कालेज में पल्स पोलियो अभियान के उद्घाटन पर बच्चे को दवा पिलाते सीडीओ?
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। मेडिकल कॉलेज परिसर में रविवार को सीडीओ ने बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं। जिले में 770064 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य है। पहले दिन चले अभियान में 2.35 लाख बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अब सोमवार से बच्चों को घर-घर दवा पिलाने का अभियान चलाया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज परिसर में मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी अरविंद चौहान ने फीता काटकर पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। सीडीओ ने नवजात बच्चे को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान को आगे बढ़ाया। इसके बाद सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह व सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने बच्चों को दवा पिलायी। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए सीडीओ ने कहा कि नि:शक्तता को मात देने के लिए सभी लोग अपने बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण समेत अन्य टीके बच्चों व गर्भवती महिलाओं को लगवाएं, जिससे इस पर शुरू में ही अंकुश लगाया जा सके। सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह ने बताया कि जिले में 770064 बच्चों को पोलियो की दवा पिलायी जाएगी। इसके लिए 1805 बूथ बनाए गए हैं। स्वास्थ्य कर्मचारी इन बूथों पर शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा इस अभियान से छूटने न पाए।
सीएमओ ने बताया कि पहले दिन चलाए गए अभियान के तहत 2.35 लाख बच्चों को पोलियों की दवा पिलाई गई है। अब सोमवार से टीमें घर-घर पहुंचकर दवा पिलाने का काम करेंगी। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अजीत चंद्रा, डॉ. योगिता जैन, डॉ. प्रिया बंसल, डीईएचओ आरके त्यागी, हॉस्पिटल मैनेजर रिजवान आदि मौजूद रहे।
आज से घर-घर जाएगी टीम
जिला शिक्षा स्वास्थ्य एवं सूचना अधिकारी आरके त्यागी ने बताया कि सोमवार से डोर टू डोर अभियान का शुभारंभ होगा। इसके लिए 1172 टीमें बनाई गई हैं। ट्रांजिट टीम संख्या 56 बनाई गई है। इसके अलावा मोबाइल टीम 39 और 386 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।