बहराइच। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न न्यायालयों में लंबित कुल 1,90,387 वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निपटारा किया गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत की अध्यक्षता प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने न्यायालय परिसर स्थित सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्राधिकरण की सचिव एवं एसीजेएम प्रिया कुमारी राय ने बताया कि लोक अदालत में जिला न्यायालय में 9,227 वाद, अपर प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय दीपकांत मणि की अदालत में पारिवारिक मामलों के 13 वाद, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी हरेंद्र प्रसाद की अदालत में 64 वाद, स्थायी लोक अदालत में एक वाद तथा उपभोक्ता प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष सुरेशचंद्र भारती की अदालत में नौ वादों का निपटारा कराया गया।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में बैंक रिकवरी के 1,069 और राजस्व के सबसे अधिक 1,80,004 वादों का निपटारा हुआ। कुल 17.47 करोड़ रुपये का सेटलमेंट भी कराया गया।
लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) अरविंद कुमार गौतम ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एडीजे प्रथम पवन कुमार शर्मा, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट राकेश कुमार सिंह, एडीजे तृतीय कविता निगम, एडीजे चतुर्थ सुनील प्रसाद, एडीजे पंचम विराट शिरोमणि, एडीजे एफटीसी प्रथम आनंद शुक्ला, एडीजे एफटीसी द्वितीय अनिल कुमार तथा सीजेएम प्रतिभा चौधरी सहित अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।