प्रधानमंत्री आवास आवंटन में धांधली का आरोप
महसी (बहराइच)। मोहन पिपरी ग्राम पंचायत के प्रधान के खिलाफ ग्रामीणों ने पैसा लेकर प्रधानमंत्री आवास आवंटित करने में धांधली का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने बीडीओ को एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। वहीं शिक्षक की शिकायत मिलने पर उसे निलंबित करने को कहा है। जल निगम के एक्सईएन और सब रजिस्ट्रार को भी कड़ी फटकार लगाई है।
जिलाधिकारी अजयदीप सिंह मंगलवार को देर शाम महसी क्षेत्र के भ्रमण पर थे। उसी समय मोहनपिपरी गांव निवासी जंगली प्रसाद, सर्वेश और नरेश आदि ने डीएम के सामने पेश होकर ग्राम प्रधान पप्पू पर प्रधानमंत्री आवास में धांधली बरतने का आरोप लगाया। 10-10 हजार रुपये लेकर आवास आवंटित करने की बात बतायी।
इस पर डीएम ने बीडीओ महसी को तत्काल प्रभाव से एफआईआर दर्ज करवाकर जांच करने के निर्देश दिए। इसी दौरान गांव के एक सहायक शिक्षक की शिकायत कुछ लोगों ने की। इस पर बीएसए को शिक्षक को निलंबित करने को कहा। महसी क्षेत्र के नक्शे की गलत रिपोर्टिंग करने पर तहसील के सब रजिस्ट्रार को कड़ी फटकार लगाई।
वहीं बौंडी में पानी टंकी का संचालन न होने पर जल निगम के एक्सईएन को चेतावनी देते हुए आख्या तलब की है। इस मौके पर मौजूद क्षेत्रीय विधायक सुरेश्वर सिंह ने पूर्ति निरीक्षक पर अवैध शुल्क लेकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली व्यवस्था गड़बड़ करने की बात कही गयी। इस मामले में डीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।