बहराइच। तीसरे चरण के पंचायत चुनाव के लिए शनिवार कोे ब्लॉक मुख्यालयों पर नामांकन शुरू हुआ। परचा दाखिल करने के लिए देर शाम तक प्रत्याशियों की कतार लगी रही।
तीन विकासखंडों में प्रधान पद पर 1761 और सदस्य पद पर 1371 नामांकन जमा हुए।
तीसरे चरण में विकासखंड बलहा, मिहींपुरवा, रिसिया और नवाबगंज ब्लॉकों में चुनाव होना है। इसमें विकासखंड मिहींपुरवा में प्रधान के 86 व सदस्य के 1184, बलहा में प्रधान के 59 व सदस्य के 825, नवाबगंज में प्रधान के 70 व सदस्य के 902 पदों पर चुनाव होना है।
ब्लॉक मुख्यालयों पर गहमागहमी के बीच नामांकन हुआ। विकासखंड रिसिया के निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधान पद पर 484 व सदस्य पद पर 221 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा हुए हैं।
विकासखंड बलहा के निर्वाचन अधिकारी मनोज मौर्या ने बताया कि प्रधान पद के लिए 385 व सदस्य के लिए 387 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा किया है।
मिहींपुरवा के निर्वाचन अधिकारी राकेश दूबे ने बताया कि यहां की आठ न्याय पंचायत में प्रधान पद के 504 व सदस्य पद के 285 प्रत्याशियों ने नामांकन जमा किया है।
नवाबगंज के आरओ देवेश शुक्ला ने बताया कि यहां प्रधान पद पर 325 व सदस्य पद पर 401 नामांकन जमा हुए हैं।