राजस्वकर्मियों की अनुपस्थिति भड़कीं जिला जज
- अधिक से अधिक राजस्व मामलों के निपटारे का निर्देश
बहराइच। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से 17 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होना है। इसकी तैयारी बैठक सोमवार को हुई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक राजस्व वादों के निस्तारण पर बल दिया गया। इस मौके पर तहसीलवार लंबित वादों की समीक्षा हुई। बैठक में कई राजस्वकर्मी अनुपस्थित रहे। इस पर जिला जज भड़क गईं।
जनपद न्यायाधीश प्रेमकला सिंह ने सोमवार को दीवानी न्यायालय स्थित सभागार में राजस्व, पीठासीन अधिकारियों के साथ बैठक कर राष्ट्रीय लोक अदालत के तैयारियों की समीक्षा की। तहसील व जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी सहयोग की बात कही। हालांकि बैठक के दौरान राजस्व विभाग के कई कर्मचारी व अधिकारी नदारद मिले। इस पर उन्होंने अधिरकारियों व कर्मचारियों की सूची तैयार कर स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव बसंत कुमार जाटव के अलावा सभी तहसीलों के उपजिलाधिकारी, चकबंदी व तहसीलों के राजस्व अधिकारी आदि मौजूद रहे।